धमतरी में लगेगी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की भव्य प्रतिमा, 30 लाख की स्वीकृति, महापौर ने क्या कहा जानिए...

मुख्यमंत्री साय, उपमुख्यमंत्री अरूण साव की धमतरी को सौगात, महापौर रामू रोहरा ने जताया आभार 

धमतरी। धमतरी शहर में भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके लिए नगर निगम को 30 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा मिली इस सौगात से शहरवासियों में खुशी का माहौल है।

महापौर रामू रोहरा ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव तथा शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग, शिक्षा और अखंड भारत के संकल्प का प्रतीक है। उनकी प्रतिमा की स्थापना केवल एक स्मारक का निर्माण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और देशहित के लिए प्रेरित करने का माध्यम बनेगी।

महापौर ने कहा कि प्रदेश सरकार भारतीय संस्कृति, राष्ट्रनिर्माताओं और महापुरुषों के सम्मान के लिए लगातार कार्य कर रही है। धमतरी में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थापित होने से शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी। यह स्थान युवाओं के लिए प्रेरणास्थल के रूप में विकसित होगा, जहां वे देश के महान व्यक्तित्व के जीवन, विचारों और योगदान से परिचित हो सकेंगे।

उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा प्रतिमा स्थापना से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा, ताकि निर्धारित समय में प्रतिमा का अनावरण किया जा सके। महापौर ने कहा कि धमतरी के विकास के साथ-साथ महापुरुषों के सम्मान और उनकी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना भी नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है।

महापौर रामू रोहरा ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में धमतरी को विकास की नई सौगातें लगातार मिल रही हैं और भविष्य में भी शहर के सर्वांगीण विकास के लिए इसी तरह के महत्वपूर्ण कार्य स्वीकृत होते रहेंगे।

Previous Post Next Post