धमतरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से पेट्रोल और डीजल के उपयोग में मितव्ययता बरतने की अपील के बाद धमतरी नगर निगम में भी इसका असर देखने को मिला। आम जनता को ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से मंगलवार सुबह महापौर रामू रोहरा के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों की टीम ई-रिक्शा में सवार होकर शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों के निरीक्षण पर निकली। इस अनोखी पहल को देखने लोगों में उत्सुकता दिखाई दी तथा आम नागरिकों ने भी इसे सकारात्मक संदेश बताया।
सुबह सबसे पहले महापौर और पार्षदों की टीम खपरी स्थित निर्माणाधीन हाइटेक बस स्टैंड पहुंची। यहां निर्माण कार्य की प्रगति, यात्री सुविधाओं और परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। महापौर ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश देते हुए कहा कि बस स्टैंड को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने, पार्किंग व्यवस्था, यात्री प्रतीक्षालय और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। महापौर ने यह भी कहा कि यह बस स्टैंड शहर की पहचान बनेगा, इसलिए निर्माण गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इसके बाद टीम अर्जुनी में बन रहे 132 केवी विद्युत स्टेशन पहुंची। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्युत स्टेशन की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि 132 केवी विद्युत स्टेशन धमतरी शहर के लिए बड़ी उपलब्धि है। इसके शुरू होने से शहर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति अधिक सुचारु और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती आबादी और बिजली की मांग को देखते हुए यह परियोजना भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी।
निरीक्षण दल ने इसके बाद रेलवे स्टेशन पहुंचकर वहां चल रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। महापौर ने कहा कि रेलवे स्टेशन किसी भी शहर का प्रवेश द्वार होता है और यहां बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा और सौंदर्यीकरण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अंत में टीम मकेश्वर वार्ड पहुंची, जहां निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया गया। महापौर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए कहा कि यह ऑडिटोरियम भविष्य में सांस्कृतिक, सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि शहर में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार करना नगर निगम की प्राथमिकता है और सभी विकास कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील केवल ईंधन बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश भी है। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि स्वयं पहल करेंगे तो आम जनता भी प्रेरित होगी। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जहां संभव हो, वहां सार्वजनिक परिवहन, ई-वाहन और साझा परिवहन का उपयोग करें, ताकि पेट्रोल-डीजल की खपत कम हो और पर्यावरण सुरक्षित रह सके।
इस दौरान भाजपा पार्षदों एवं निगम प्रतिनिधियों ने भी ईंधन बचत को समय की आवश्यकता बताते हुए लोगों से पर्यावरण हित में छोटे-छोटे प्रयास करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।इस अवसर पर एमआईसी प्रभारी विजय मोटवानी, अखिलेश सोनकर, श्याम लाल नेताम पिंटू यादव,विभा चंद्राकर, हिमानी भागवत साहू, अज्जू देसलहरे, मेघराज ठाकुर, तलीन पूरी गोस्वामी,, कुलेश सोनी, शैलेश रजक, संतोष सोनकर, संजय देवांगन, हेमंत बंजारे, आशा नंदू लोधी, चंद्रभागा साहू आदि उपस्थिति थे।



