धमतरी। एक पार्षद अपनी शादी के 21 वें सालगिरह पर मंदिर, रक्तदान के लिए अस्पताल और परिवार की खुशी के लिए एक चिर परिचित रेस्टोरेंट में भोजन की व्यवस्था में व्यस्त था, अचानक धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा का फोन आता है, आप कहां है मैं आपके घर आ रहा हूं, शहर से कुछ दूरी पर परिवार के साथ अपनी सालगिरह को खुशनुमा बनाने में मशरूफ इस पार्षद के परिवार की खुशी का ठिकाना ना रहा, तब उन्होंने कहा कि महापौर जी हम आपके निवास के आसपास ही हैं आप कहे तो हम आपके घर पर आशीर्वाद लेने आ जाते हैं, बिना किसी लाग लपेट के महापौर जी की सवारी रोहरा कॉलोनी के लिए मुड़ गईं। कुछ देर में यह पार्षद परिवार भी अपनी व्यस्तता को ब्रेक लगाकर महापौर जी के सम्मान में उनके निवास स्थल पहुंच गया। लेकिन इतने कम समय में महापौर ने अपने एक अदने से पार्षद के परिवार को शुभ कामना देने की जो तैयारी की थी वह पूरे परिवार को भाव विभोर कर दिया।
घर का सियान क्या होता है यह जानना हो तो उस व्यक्ति के करीब आपको जाना पड़ेगा, जो सुबह से ही लोगों का दुख-दर्द बांटने के लिए अपनी स्कूटी में अकेले वार्ड-वार्ड का भ्रमण करते मिल जाते हैं। यह अतिशयोक्ति और राजनीति से प्रेरित उन्हें लगेगा जिन्होंने रामू रोहरा जी के उस बयान को भुला दिया है जिसमें उन्होंने कहा था कि मुझे धमतरी का कर्ज उतारना है। चलिए छोड़िए हम आते हैं मुद्दे पर वरना लोग कहेंगे की महिमामंडन कर रहे हैं। एक तरफ से महापौर जी के सवारी का पहुंचना और दूसरी ओर से पार्षद के परिवार का पहुंचना हुआ पर इतने कम समय में इस परिवार को आशीर्वाद देने की पूरी तैयारी किसी चमत्कारिक लम्हे से कम नहीं था। पार्षद और उनकी पत्नी का नाम लिखा केक महापौर के निवास में कटने के लिए तैयार था। पार्षद की पसंदीदा मिठाई और उसके पसंद के रंग के कपड़े भी उपहार के लिए तैयार थे। फिर क्या था पार्षद परिवार के चारों सदस्य आश्चर्य भरी निगाहों से एक दूसरे को देखने लगे और पार्षद की पत्नी ने तो यहां तक कह दिया कि जिसके यहां ऐसा सियान या बड़ा भाई हो उसे धमतरी को कोई भी बला परेशान नहीं कर सकती। ऐसा नहीं है कि महापौर रामू रोहरा जी 40 वार्डों में किसी भी पार्षद के साथ पक्षपात करते हो उन्हें चुटकी भर प्यार मिला तो वह अपना सब कुछ लुटाने को तैयार दिखते हैं। वैसे इस खबर की भूमिका अधारी नवागांव वार्ड के पार्षद एवं उपसभापति, अधिवक्ता और पूर्व प्रिंट इलेक्ट्रानिक के जर्नलिस्ट तल्लीनपुरी गोस्वामी उनकी धर्मपत्नी श्रीमती तमन्ना गोस्वामी, पुत्र ईशान गोस्वामी और पुत्री अभिज्ञा गोस्वामी पर केंद्रित है। जिन्होंने सचमुच में 4 मई का दिन खास तरह से इंजॉय किया। दिनभर धमतरी के विकास के उधेड़बुन में लगे महापौर रामू रोहरा के लिए पार्षद पुत्र ईशान ने केसर और बादाम का शरबत देते हुए कहा कि आप जैसे धमतरी के हितैषी की एनर्जी बढ़ती रहनी चाहिए। विगत सप्ताह में भारतीय जनता पार्टी के अनेक कार्यकर्ताओं का जन्मदिन व शादी की सालगिरह उनके द्वारा मनाया गया पर यह भी सही है कि बिना महापौर रामू रोहरा के उनके आनंद उत्सव में चार चांद लगना मुमकिन न था।
