593 विद्यार्थियों ने दी टैलेंट सर्च प्रतिभा खोज परीक्षा, शिक्षक दिवस पर होंगे सम्मानित

धमतरी. सर गौरीशंकर श्रीवास्तव चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा शनिवार 1 अगस्त को नूतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (हिंदी माध्यम) एवं नूतन इंग्लिश स्कूल में टैलेंट सर्च प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन किया गया. परीक्षा में धमतरी शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के कुल 34 स्कूलों के कक्षा 10वीं के 593 विद्यार्थियों ने भाग लिया.



ट्रस्ट द्वारा यह प्रतिभा खोज परीक्षा पिछले 11 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप तैयार करना और उनमें प्रतिस्पर्धी परीक्षा की समझ विकसित करना है. प्रत्येक विद्यालय से लगभग 20 विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया गया.



परीक्षा का प्रश्नपत्र राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तर्ज पर ओएमआर शीट आधारित रखा गया. इसमें सामान्य ज्ञान, गणित, विज्ञान, भौतिकी और रसायन विज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे गए. प्रश्नों में भारत का मोतियों का शहर, भारत का नेपोलियन किसे कहा जाता है, कामाख्या मंदिर किस राज्य में स्थित है, कुचीपुड़ी किस राज्य का प्रसिद्ध नृत्य है, एलपीजी में मुख्य रूप से कौन-सी गैस होती है, भारतीय रिजर्व बैंक की स्थापना कब हुई, 2026 फीफा विश्व कप में कितनी टीमें भाग ले रही हैं तथा ब्लीचिंग पाउडर का रासायनिक नाम जैसे प्रश्न शामिल थे.



ट्रस्ट द्वारा हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में परीक्षा आयोजित की जाती है. दोनों माध्यमों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को चांदी के मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा. चयनित प्रतिभागियों का सम्मान शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में किया जाएगा.


ट्रस्ट की ओर से प्रतिवर्ष शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले दो शिक्षकों का भी सम्मान किया जाता है. इस वर्ष भी शिक्षक सम्मान समारोह के दौरान उत्कृष्ट शिक्षकों के साथ प्रतिभा खोज परीक्षा के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा.


कार्यक्रम में ट्रस्ट के प्रमुख ट्रस्टी डॉ. हीरा महावर, अशोक पवार, विनोद पांडेय, अजय छाजेड़, अनुराग महावर, रमेश पंजवानी और राकेश झवर उपस्थित रहे. वहीं नूतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के अध्यक्ष निर्मल बरड़िया, हिंदी माध्यम स्कूल के प्राचार्य सुधीर राव गायकवाड़, स्नेह चंद्र ख्रिस्टी, प्रकाश पवार तथा नूतन इंग्लिश स्कूल की प्राचार्य नम्रता पाठक अपने समस्त स्टाफ के साथ मौजूद रहीं.

Previous Post Next Post