रीतुराज पवार फाउंडेशन की अनूठी पहल: 24 स्कूलों के विद्यार्थियों को निःशुल्क कॉपियों के सेट वितरित

 

धमतरी। शिक्षा के क्षेत्र में समाज की सहभागिता को मजबूत करते हुए ,  शिक्षा को बढ़ावा देने और जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य सेरीतुराज पवार फाउंडेशन, धमतरी ने नए शैक्षणिक सत्र के अवसर पर जिले के 24 शासकीय विद्यालयों एवं एक सामाजिक संस्था के विद्यार्थियों को निःशुल्क कॉपियों के सेट वितरित किए। इस अभियान के माध्यम से सैकड़ों छात्र-छात्राओं को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को बड़ी राहत मिली।

फाउंडेशन की इस पहल का उद्देश्य केवल कॉपियों का वितरण करना नहीं, बल्कि यह संदेश देना भी है कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और समाज के सामूहिक प्रयासों से कोई भी विद्यार्थी संसाधनों के अभाव में अपनी पढ़ाई से वंचित नहीं रहना चाहिए। कॉपियां मिलने पर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। वहीं शिक्षकों एवं पालकों ने भी इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया।

फाउंडेशन के संस्थापक रितुराज पवार ने कहा कि "शिक्षा ही वह माध्यम है जो किसी भी बच्चे के जीवन की दिशा और दशा बदल सकती है। हमारा प्रयास है कि आर्थिक अभाव किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई में बाधा न बने। जरूरतमंद बच्चों तक कॉपी, किताब और अन्य शैक्षणिक सामग्री पहुंचाना केवल सेवा नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। आज जिन बच्चों को कॉपियां मिली हैं, वही कल देश और समाज का भविष्य बनाएंगे।"

उन्होंने आगे कहा कि "रीतुराज पवार फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य और मानव सेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है। पूर्व में भी संस्था ने स्वास्थ्य सेवाओं, जरूरतमंद मरीजों की सहायता, एम्बुलेंस सेवा तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से समाज के बीच अपनी जिम्मेदारी निभाई है। भविष्य में भी विद्यार्थियों के लिए स्कूल बैग, पुस्तकें, स्टेशनरी सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। हमारा संकल्प है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचे और कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे।"

इस अभियान के अंतर्गत जिन विद्यालयों में कॉपियों के सेट वितरित किए गए, उनमें उन्नयन माध्यमिक शाला जोधापुर, प्राथमिक शाला जोधापुर, नवीन माध्यमिक शाला भररीपारा, हाई स्कूल लोहारसी, प्राथमिक शाला लोहारसी, नवीन प्राथमिक शाला मुजगाहन, प्राथमिक शाला पुतलीशाला (चमेली चौक), शासकीय प्राथमिक शाला क्रमांक-3, हिंदू अनाथालय, नगर पालिका प्राथमिक शाला क्रमांक-2, शासकीय माध्यमिक शाला आमापारा, हाई स्कूल कलारतलाई, माध्यमिक शाला कलारतलाई, प्राथमिक शाला कलारतलाई, प्राथमिक शाला रामसागर पारा, उर्दू कन्या शाला, प्राथमिक शाला मरादेव, माध्यमिक शाला दानीटोला, प्राथमिक शाला विंध्यवासिनी (भिलाई माता मंदिर के पीछे), शासकीय नवीन प्राथमिक शाला अटल आवास डिपो पारा, पंडित मोतीलाल नेहरू प्राथमिक शाला क्रमांक-5, नवीन प्राथमिक शाला साइफन पारा, नूतन हाई स्कूल सिहावा रोड तथा प्राथमिक शाला छाती शामिल हैं।

विद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों ने फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की सामाजिक पहल से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है और समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार होता है। उन्होंने रीतुराज पवार फाउंडेशन के इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे अनुकरणीय पहल बताया।

Previous Post Next Post