DHAMTARI : बेलिंग मशीनों को लौटाया गया, स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई. अध्यक्ष नीलेश लूनिया ने अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार

धमतरी. नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने कार्य में बरती गई कथित लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए बेलिंग मशीनों को वापस भिजवा दिया. इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति बन गई. स्वास्थ्य विभाग के अध्यक्ष नीलेश लूनिया ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर उन्हें कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर निगम के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या मनमानी अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी.



बताया गया कि बेलिंग मशीनों के उपयोग एवं उससे जुड़े कार्यों में सामने आई खामियों और प्रक्रियागत लापरवाही को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल हस्तक्षेप किया. इसके बाद मशीनों को वापस भिजवाने का निर्णय लिया गया ताकि सभी प्रक्रियाओं की समीक्षा कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.

स्वास्थ्य विभाग के अध्यक्ष नीलेश लूनिया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में प्रत्येक कार्य पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही और शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप किया जाए. उन्होंने कहा कि नगर निगम की कार्यप्रणाली पर जनता का विश्वास बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.

उन्होंने साफ चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में दोबारा इस प्रकार की अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. साथ ही सभी अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने और समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए.

नगर निगम स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को प्रशासनिक सख्ती के रूप में देखा जा रहा है. विभाग का कहना है कि निगम के सभी कार्य नियमों के अनुरूप, पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था के तहत संचालित हों, इसके लिए आगे भी लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

Previous Post Next Post