स्वस्थ और नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं- महापौर रामू रोहरा
धमतरी/ भारत सरकार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” संकल्प अभियान एवं राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव (पीजी) कॉलेज, धमतरी में चित्र प्रदर्शनी एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर श्री रामू रोहरा उपस्थित रहे। महापौर ने चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए प्रदर्शित चित्रों के माध्यम से दिए जा रहे नशामुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार एवं पोषण संबंधी संदेशों की सराहना की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने और अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही राष्ट्रीय पोषण माह के माध्यम से संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा कुपोषण से बचाव का संदेश दिया गया।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि स्वस्थ और नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, रोजगार, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने के साथ ही युवाओं को स्वस्थ एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया और नशामुक्ति एवं पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश प्राप्त किया।



